‘पर्ची वाली सरकार सिर्फ कांग्रेस की योजनाएं बंद कर रही’:टीकाराम जूली बोले- जब कामकाज पर रोक, फिर भजनलाल सरकार ने क्या किया

TIN NETWORK
FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

‘पर्ची वाली सरकार सिर्फ कांग्रेस की योजनाएं बंद कर रही’:टीकाराम जूली बोले- जब कामकाज पर रोक, फिर भजनलाल सरकार ने क्या किया

राजस्थान कांग्रेस ने अलवर ग्रामीण से विधायक टीकाराम जूली को नेता प्रतिपक्ष बना दिया है। नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद जूली ने कहा- पर्ची वाली सरकार सिर्फ कांग्रेस की योजनाओं को बंद कर रही है। धरातल पर अब तक कोई काम नहीं हुआ है।

कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान जो काम स्वीकृत हो गए थे। इनके टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं। उन पर रोक लगा दी गई है। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री कह रहे हैं, हमने मोदी जी की 100 दिन की कार्य योजना को एक महीने में पूरा कर दिया है। एक महीने से तो सारे कामों पर रोक लगा दी। फिर पूरा क्या कर दिया है। पढ़िए- टीकाराम जूली की बातचीत…

सवाल – नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद अब आपकी प्राथमिकता क्या रहेगी?

जवाब – राजस्थान की जनता को किसी तरह की समस्या का सामना सरकार की वजह से नहीं करना पड़े। सरकार सही तरीके से चले। आम जनता के विरोध में कोई भी निर्णय सरकार की ओर से नहीं लिया जाए। यही मेरी प्राथमिकता है। अगर इसके बाद भी कोई जनता विरोधी निर्णय लिया जाता है। उसका विरोध किया जाएगा। हम सरकार को पाबंद करेंगे कि वह जनता के लिए बनी है। इसलिए सिर्फ जनता के पक्ष में ही फैसला हो।

सवाल – राजस्थान में विपक्ष में होने के बावजूद कांग्रेस पार्टी इस बार मजबूत स्थिति में है। विधानसभा में कांग्रेस के 70 विधायक जीत कर पहुंचे हैं। सत्ता पक्ष को कैसे घेरेंगे?

जवाब – राजस्थान में भाजपा की सरकार बने एक महीने का वक्त बीत गया है। सबसे पहले मुख्यमंत्री पर्ची से निकले हैं, फिर उनके बाद बड़ी मुश्किल से मंत्रिमंडल का गठन हुआ है। इसके बाद बहुत ज्यादा मुश्किल से मंत्रियों के विभाग मिले। राजस्थान में बीजेपी ने बिना चुनाव लड़े किसी व्यक्ति को मंत्री बना दिया। उसका सबक भी जनता ने इन्हें सिखा दिया है।

बीजेपी सरकार के गठन के बाद युवाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। विद्यार्थी मित्रों को नौकरी से निकाल दिया गया। महात्मा गांधी प्रेरकों को हटा दिया गया। अन्नपूर्णा रसोई को बंद कर दिया गया है। पूरे प्रदेश में लगातार बिजली की कटौती शुरू हो गई है। किसानों को रात में बिजली दी जा रही है। ऐसे तमाम मुद्दे जो सीधे जनता से जुड़े हुए हैं। हम विधानसभा में उठाएंगे। ताकि बीजेपी के नेता जनता की सहूलियत को समझ सके।

नेता प्रतिपक्ष बनते ही टीकाराम जूली को बधाई मिलना शुरू हो गई हैं।

नेता प्रतिपक्ष बनते ही टीकाराम जूली को बधाई मिलना शुरू हो गई हैं।

सवाल – क्या विपक्ष सिर्फ विधानसभा में ही सरकार को घेरेगा या सड़क पर भी कोई आंदोलन होगा?

जवाब – मुझे कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा में विपक्ष का पक्ष रखने की जिम्मेदारी दी है। सड़क पर भी हम सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे। पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर जनता की लड़ाई लड़ेगी।

सवाल – लोकसभा में 25 सीटों पर चुनाव जीतने का कांग्रेस पार्टी का क्या प्लान है?

जवाब – लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने के लिए राजस्थान कांग्रेस पार्टी अगले 48 घंटे मंथन करेगी। AICC के प्रभारी राजस्थान आ रहे हैं। बुधवार और गुरुवार लगातार मैराथन बैठकें होंगी। इसमें कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मिलकर लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करेंगे।

टीकाराम जूली कांग्रेस विधायक दल के नेता बनाए गए हैं, विधानसभा में कांग्रेस सबसे बड़ा विपक्षी दल होने के कारण वे अब नेता प्रतिपक्ष भी होंगे।

टीकाराम जूली कांग्रेस विधायक दल के नेता बनाए गए हैं, विधानसभा में कांग्रेस सबसे बड़ा विपक्षी दल होने के कारण वे अब नेता प्रतिपक्ष भी होंगे।

सवाल – राजस्थान में कांग्रेस कई गुटों में बंटी हुई है। अशोक गहलोत और सचिन पायलट के अलग-अलग गुट माने जाते हैं। आप किस गुट से हैं?

जवाब – राजस्थान कांग्रेस में कोई गुट नहीं है। कांग्रेस पार्टी एक परिवार की तरह है। परिवार में जिस तरह कुटुंब और कुनबा होता है। इसमें सब लोग रहते हैं। इस तरह कांग्रेस पार्टी में सभी लोग मौजूद है। हालांकि कई बार परिवार में मतभेद होते हैं। इसका यह मतलब नहीं की परिवार कहीं बंटा हुआ है। हम सब एक हैं, एकजुट होकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

सवाल – आप राजस्थान में किसे लीडर मानते हैं?

जवाब – वह सभी नेता, जिन्होंने राजस्थान के लिए काम किया है। जो राजस्थान के लिए काम कर रहे हैं। हम सब अपने आप में लीडर हैं।

ये भी पढ़ें

पूर्व मंत्री टीकाराम जूली बने नेता प्रतिपक्ष:इस पद पर पहुंचने वाले पहले दलित नेता, डोटासरा प्रदेशाध्यक्ष बने रहेंगे

अलवर ग्रामीण से विधायक और पूर्व मंत्री टीकाराम जूली को नेता प्रतिपक्ष बनाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को ये आदेश जारी किए। कांग्रेस ने इस बार नेता प्रतिपक्ष के पद पर दलित चेहरे को जिम्मेदारी देने का फैसला किया है। राजस्थान विधानसभा के इतिहास में पहली बार दलित चेहरे को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। अब तक कांग्रेस-बीजेपी किसी ने दलित को नेता प्रतिपक्ष नहीं बनाया था। साथ ही गोविंद सिंह डोटासरा प्रदेशाध्यक्ष बने रहेंगे। 

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare
Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!