पुलिस से धक्का-मुक्की, एचएसओ की रिवॉल्वर छीनी:पुजारी के हत्यारों ने कस्टडी से भागने का किया प्रयास; डिप्टी की गोली से एक बदमाश घायल

गोली लगने से घायल हुए बदमाश पुलिस हॉस्पिटल लेकर गई।
पुजारी हत्याकांड के तीन आरोपियों ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की। बदमाशों ने टाॅयलेट के बहाने गाड़ी को रुकवाया। नीचे उतरते ही पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। एक बदमाश ने एसएचओ की रिवॉल्वर छीनकर गन पॉइंट पर ले लिया। बदमाश के मंसूबों को देखकर डिप्टी ने उसके पैर में गोली मार दी। मामला बांसवाड़ा का है।
एसपी अभिजीत सिंह ने बताया- 22 दिसंबर को बांसवाड़ा के जानामेड़ी गांव में भैरव मंदिर के पुजारी रणछोड (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात में 3 आरोपी आकाश खांट, टिंबा गामड़ी निवासी शैलेश गर्ग और भागाकोट निवासी नरेश सिंह शामिल थे। 16 दिन से पुलिस आरोपियों की तलाश में थी, इसी बीच पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अहमदाबाद में छिपे हैं।

गोली लगने से घायल आरोपी आकाश को शनिवार रात हॉस्पिटल लेकर पहुंची पुलिस।
अहमदाबाद में तीनों को अलग-अलग जगह से किया डिटेन
शनिवार सुबह एएसआई विवेकभान के साथ टीम अहमदाबाद पहुंची। विवेकभान ने अफसरों को जानकारी दी कि तीनों आरोपियों को अलग-अलग जगह से डिटेन कर लिया गया है। आरोपियों ने जुर्म भी कबूल कर लिया है।
टीम आरोपियों को लेकर बांसवाड़ा के लिए निकली। राजस्थान बॉर्डर पर आते ही दूसरा जाब्ता भी उन्हें सुरक्षित लाने के लिए पहले से वहां खड़ा था। इसमें सदर डीएसपी सूर्यवीर सिंह भी मौजूद थे। पुलिस आरोपियों को लेकर सज्जनगढ़, कलिंजरा होते हुए भचड़िया मोड़ से सदर थाना बांसवाड़ा ला रही थी।

गिरने से घायल आरोपी शैलेश को दो पुलिसकर्मी उठाकर अस्पताल पहुंचे।

पुजारी हत्याकांड का तीसरा आरोपी नरेश भी गिरने से घायल हो गया।
टॉयलेट जाने के लिए रुकवाई कार
शनिवार देर शाम 7:30 बजे भचड़िया मोड़ पहुंचे ही थे, तभी मुख्य आरोपी आकाश ने टॉयलेट जाने के लिए पुलिस से गाड़ी रुकवाई। अन्य दो आरोपी भी यही कहकर नीचे उतरे। नीचे उतरते ही आरोपियों ने भागने की साजिश रची। यह इलाका उनकी पहचान का था। पीछे आ रहे डीएसपी सूर्यवीर सिंह भी गनमैन के साथ गाड़ी से नीचे उतरे। तीनों आरोपियों ने भागने के लिए पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। मुख्य आरोपी आकाश ने एसएचओ दिलीप सिंह की रिवॉल्वर छीन ली और तान दी।
डीएसपी ने आरोपियों को सरेंडर की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी। आकाश पूरी तरह पुलिस पर फायर करने के मूड में था। तभी डीएसपी ने पिस्टल से आकाश के पैर पर गोली चलाई तो वह नीचे गिर गया। अन्य दो आरोपी शैलेश गर्ग और नरेशसिंह भी भागने लगे। इस दौरान वे खेतों में गिरकर घायल हो गए। पुलिस जाब्ते ने तीनों को दबोच लिया। जिन्हें बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल लाया गया। घायल आकाश को उदयपुर रेफर किया गया है।

बदमाशों ने पुजारी रणछोड़ भगत पर की गोली मारकर हत्या की थी।
22 दिसंबर को की थी पुजारी की हत्या
पुजारी रणछोड की 22 दिसंबर की रात मंदिर से घर लौटते समय गोली मारकर हत्या की गई थी। रणछोड़ भगत 20 साल से अपने घर से 100 मीटर दूर तिराहे पर बने काल भैरव मंदिर में पुजारी थे। वारदात की रात पुजारी मंदिर का पट बंद करने गए थे। ताला लगाकर जैसे ही मुड़े 2 बदमाशों ने गोली मार दी थी। वारदात के बाद पहले से तैयार बाइक सवार तीसरे साथी के साथ वे फरार हो गए थे।






