
बीकानेर। मेडिकल कॉलेज सभागार में बुधवार को केंद्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल की मौजूदगी में ईट राईट मिलेट मेले का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में मिलेट्स (श्री अन्न) के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पौष्टिक अनाजों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित करना रहा।
मेले के माध्यम से ज्वार, बाजरा, रागी, कोडू सहित विभिन्न मिलेट्स के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने संतुलित आहार में मिलेट्स की उपयोगिता, पोषण मूल्य और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मिलेट्स से बने विविध व्यंजनों की प्रदर्शनी और चखने की व्यवस्था की गई, जिससे लोगों ने पारंपरिक और आधुनिक व्यंजनों के माध्यम से मोटे अनाजों के स्वाद और पौष्टिकता को करीब से जाना। आयोजन में बड़ी संख्या में आमजन, स्वास्थ्य कर्मियों, विद्यार्थियों और महिलाओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि मोटे अनाज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘श्री अन्न’ की संज्ञा दी गई है और श्री अन्न को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के आयोजनों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि मोटा अनाज स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है और बेकरी, दूध, लड्डू सहित विभिन्न खाद्य उत्पादों में मिलेट्स के उपयोग से किए जा रहे नवाचार आमजन के लिए उपयोगी साबित होंगे।
इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि झूठ बोलकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है और जो पुस्तक अभी तक बाजार में उपलब्ध ही नहीं है, उसके संबंध में इस प्रकार की टिप्पणी करना उचित नहीं है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मिलेट्स न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल और किसानों के लिए भी उपयोगी फसलें हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों में स्वस्थ खानपान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है और स्थानीय स्तर पर श्री अन्न को बढ़ावा मिलता है।









Add Comment