
बीकानेर। संतुलित आहार और मिलेट्स के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शहर में ‘ईट राइट वॉकथॉन’ का आयोजन किया गया। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज परिसर से प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया।
वॉकथॉन में 700 से अधिक नर्सिंग विद्यार्थियों एवं आशा सहयोगिनियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मोटे अनाज (मिलेट्स) को दैनिक आहार में शामिल करने का संदेश दिया। यह वॉकथॉन सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से प्रारंभ होकर मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम, शास्त्री नगर पहुंचकर संपन्न हुई।
ऑडिटोरियम में आयोजित ईट राइट मिलेट्स मेले में मिलेट्स आधारित व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई तथा आमजन को पोषण संबंधी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में आरसीएचओ डॉ. भवानी शंकर गहलोत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा सहित विभिन्न अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में सही खानपान की आदतों को प्रोत्साहित कर स्वस्थ बीकानेर के संकल्प को मजबूत करना रहा।






