
जयपुर। राजस्थान की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में ज्ञान भारतम मिशन, नई दिल्ली द्वारा जयपुर में ‘पांडुलिपि मेगा सर्वे’ का आयोजन किया जाएगा। यह सर्वे भारत सरकार की पांडुलिपि संरक्षण योजना के तहत किया जा रहा है।
मिशन के निदेशक इंद्रजीत सिंह एवं राजस्थान प्रभारी के निर्देशन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य निजी संग्राहकों, धार्मिक संस्थाओं और राजकीय संस्थानों के पास उपलब्ध प्राचीन हस्तलिखित ग्रंथों और पांडुलिपियों को सूचीबद्ध कर सुरक्षित करना है। कार्यक्रम का आयोजन पंडित जवाहरलाल नेहरू बाल साहित्य अकादमी, जयपुर में होगा, जहां विभिन्न हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
सर्वे के दौरान एक विशेष मोबाइल एप के माध्यम से पांडुलिपियों का डिजिटल पंजीकरण किया जाएगा, जिससे इन अमूल्य धरोहरों का डेटा सुरक्षित रहेगा और उनके वैज्ञानिक संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकेंगे।
ज्ञान भारतम मिशन ने अपील की है कि जिन व्यक्तियों या संस्थानों के पास प्राचीन ग्रंथ, ताड़पत्र या हस्तलिखित दस्तावेज हैं, वे इस अभियान से जुड़कर अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सहयोग करें।














Add Comment