युवा शक्ति सकारात्मक सोच और नवाचार के साथ आगे बढ़े : प्रो अखिल रंजन गर्ग, कुलगुरु
बीकानेर, 17 मई, बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (बीटीयू) के साइबर सिक्योरिटी विभाग के प्रतिभाशाली छात्र फ़रदीन ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित “जागृति यात्रा 2026” में अपना स्थान बनाया है। बीटीयू के जनसम्पर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि देशभर से आए हजारों आवेदनों के बीच चयनित होकर फ़रदीन ने विश्वविद्यालय, राजस्थान और युवा उद्यमिता जगत का नाम रोशन किया है। छात्र फ़रदीन वर्तमान में बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय में कंप्यूटर साइंस एवं साइबर सिक्योरिटी शाखा का छात्र हैं। उन्होंने अपनी टीम और स्टार्टअप “ग्रीन टेक टाइटंस” के माध्यम से नवाचार, सामाजिक प्रभाव और तकनीकी समाधान पर कार्य किया है। गौरतलब है कि जागृति यात्रा भारत की एक प्रसिद्ध राष्ट्रीय उद्यमिता ट्रेन यात्रा है, जिसमें देशभर से चुनिंदा युवाओं को सामाजिक नेतृत्व, स्टार्टअप, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित किया जाता है। यह यात्रा भारत के विभिन्न राज्यों में सफल उद्यमियों, सामाजिक संस्थाओं और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों से युवाओं को जोड़ती है। फ़रदीन की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों ने खुशी व्यक्त की है।
कुलगुरु प्रो अखिल रंजन गर्ग ने छात्र को शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि। यह उपलब्धि न केवल छात्र की प्रतिभा और परिश्रम का परिणाम है, बल्कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं नवाचारपूर्ण वातावरण की भी पहचान है। उन्होंने कहा कि “जागृति यात्रा 2026” जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर चयनित होना युवाओं के नेतृत्व, सामाजिक जागरूकता एवं उद्यमिता क्षमता को नई दिशा प्रदान करता है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि युवा शक्ति यदि सकारात्मक सोच और नवाचार के साथ आगे बढ़े तो देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। प्राचार्य डॉ परबंत सिंह संधू ने फ़रदीन को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे इस यात्रा के माध्यम से प्राप्त अनुभवों और ज्ञान का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में करेंगे तथा विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे। मेंटर डॉ गायत्री शर्मा ने फ़रदीन की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि युवा विद्यार्थियों का नवाचार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ना विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। फ़रदीन ने बताया कि उनका उद्देश्य तकनीक और नवाचार के माध्यम से समाज एवं पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं का समाधान विकसित करना है।









