जयपुर, 3 जून। महाराजा सूरजमल ब्रज विश्वविद्यालय, भरतपुर के नव नियुक्त कुलगुरु प्रो. मदन सिंह राठौड़ ने राजस्थान के उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। पीआरओ विक्रम राठौड़ ने बताया कि इस अवसर पर प्रो. राठौड़ ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं अकादमिक-प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, नवाचार एवं कौशल आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर चर्चा की। उन्होंने विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट विवि के रूप में स्थापित करने की अपनी प्राथमिकताओं से भी डॉ बैरवा को अवगत कराया।
उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने प्रो. राठौड़ को कुलगुरु नियुक्त होने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुसंधान एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रो. राठौड़ के नेतृत्व में विश्वविद्यालय नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध होंगे। भेंटवार्ता के दौरान ब्रज विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा के विस्तार, रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों, शोध गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।















