विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर बनने की राह देख रहे प्रदेश के लाखो अभ्यर्थियों के ख़ुशी की खबर-कोटा विवि ने जारी की अधिसूचना
प्रत्येक अभ्यर्थी को समान अवसर मिलने की राज्य सरकार की महान संकल्पना को लेकर कोटा विवि प्रतिबद्ध-युवाओं के मन में परीक्षाओं के प्रति विश्वास मजबूत हो : प्रो बीपी सारस्वत, कुलगुरु
कोटा, 12 जून। उच्च शिक्षा विभाग राजस्थान सरकार द्वारा कोटा विश्वविद्यालय को राज्य स्तरीय पात्रता परीक्षा-2926 के आयोजन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसको लेकर कोटा विवि द्वारा सेट-2026 की आज अधिसूचना जारी कर दी गई हैं। घोषित कार्यक्रम के अनुसार 14 जून से ऑनलाइन ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ होंगे एवं 15 जुलाई आवेदन की अंतिम तिथि रहेगी। संभावित 6 सितम्बर को सभी जिला मुख्यालयो पर परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा के आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। आयोजन की पूर्व तैयारियों को लेकर कुलगुरु प्रो. बीपी सारस्वत ने आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में परीक्षा संबंधी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। गौरतलब हैं कि पिछली बार वर्ष 2023 में इस परीक्षा का आयोजन किया गया था, विगत तीन वर्ष के लंबे अंतराल के बाद आयोजित होने जा रही वर्ष 2026 में इस राज्य-स्तरीय परीक्षा के माध्यम से राजस्थान के विभिन्न विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर पद पर भर्ती हेतु पात्रता निर्धारित की जाएगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, परीक्षा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कुलगुरु प्रो सारस्वत ने मीडिया के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देते हुए परीक्षा की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया तथा विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से परीक्षा का सफल आयोजन सुनिश्चित होगा।
कुलगुरु प्रो.सारस्वत ने बताया कि राज्य सरकार एवं उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विश्वविद्यालय पर जताए गए विश्वास के अनुरूप एवं चूकि यह परीक्षा विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षक बनने की राह देख रहे प्रदेश के लाखो अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ी हुई है। इसलिए विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता, पूरी गंभीरता और उत्तरदायित्व, निष्पक्षता एवं सुचारू व्यवस्थाओं के साथ संपन्न कराया जाएगा। परीक्षा की सभी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है तथा विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं।
प्रो सारस्वत ने कहा कि पूर्ण निष्पक्षता-शुचिता के साथ प्रत्येक अभ्यर्थी को समान अवसर मिलने की राज्य सरकार की महान संकल्पना के क्रियान्वयन को लेकर कोटा विवि पूर्ण प्रतिबद्ध हैं। चूकि परीक्षाओं की विश्वसनीयता युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़ी हुई है, ऐसे में विवि युवाओं के भविष्य को लेकर पूर्णतया सजग और संवेदनशील है। कोटा विवि प्रयास केवल परीक्षाओं का सफल आयोजन करना ही नहीं, बल्कि युवाओं के मन में प्रक्रिया के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत करना भी है। सुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ आयोजित होने वाली परीक्षाएं राज्य में सुशासन एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होंगी।
परीक्षा केंद्रों, सुरक्षा व्यवस्थाओं, गोपनीय सामग्री के संधारण एवं अभ्यर्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा के प्रत्येक चरण की सतत निगरानी करेगा तथा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा प्रक्रिया को तकनीकी रूप से सुदृढ़ एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुलगुरु ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य परीक्षा का सफल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित संचालन कर राज्य में एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करना है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से भी परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह दायित्व कोटा विवि की शैक्षणिक साख, प्रशासनिक क्षमता तथा पारदर्शी परीक्षा संचालन की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।












