देशनोक व्यापार मंडल ने सौंपे तीन ज्ञापन, अतिक्रमण हटाने, जलापूर्ति बहाल करने और अध्यक्ष पद के दुरुपयोग की जांच की मांग

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

देशनोक व्यापार मंडल ने सोमवार को नगर पालिका, जलदाय विभाग और प्रशासन को तीन अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।

व्यापार मंडल ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को दिए ज्ञापन में सदर बाजार में सड़क निर्माण कार्य से पहले सड़क पर किए गए अतिक्रमण हटाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि कई दुकानदारों ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से लोहे के जाल और अन्य निर्माण कर रखे हैं, जिससे आम लोगों, ग्राहकों और पशुओं की आवाजाही प्रभावित होती है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। व्यापारियों ने पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में निष्पक्ष कार्रवाई कर सड़क निर्माण से पहले अतिक्रमण हटाने की मांग की।

दूसरे ज्ञापन में व्यापार मंडल ने कनिष्ठ अभियंता, जलदाय विभाग को पिछले करीब 20 दिनों से सदर बाजार क्षेत्र में बाधित जलापूर्ति का मुद्दा उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए परेशान हैं और निजी टैंकरों पर निर्भर होने को मजबूर हैं। व्यापारियों ने शीघ्र नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ और कोई अप्रिय स्थिति बनी तो इसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी।

वहीं तीसरे ज्ञापन में जिला प्रशासन से व्यापार मंडल के अध्यक्ष पद के कथित दुरुपयोग की जांच कराने की मांग की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि एक व्यक्ति स्वयं को व्यापार मंडल का अध्यक्ष बताकर अधिकारियों के समक्ष प्रभाव जमाने, मंडल के नाम का दुरुपयोग करने तथा विभिन्न मामलों में अनुचित लाभ लेने का प्रयास कर रहा है। ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की गई।

व्यापार मंडल ने प्रशासन से तीनों मामलों में शीघ्र कार्रवाई कर आमजन और व्यापारियों को राहत दिलाने की मांग की है।

Categories:
error: Content is protected !!