NATIONAL NEWS

सोना ऑलटाइम हाई, 10 ग्राम की कीमत ₹73,514:ईरान-इजराइल टकराव से 16 दिन में दाम ₹4,550 बढ़े, इस साल अब तक ₹10,212 महंगा हुआ

TIN NETWORK
TIN NETWORK
FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

सोना ऑलटाइम हाई, 10 ग्राम की कीमत ₹73,514:ईरान-इजराइल टकराव से 16 दिन में दाम ₹4,550 बढ़े, इस साल अब तक ₹10,212 महंगा हुआ

नई दिल्ली

सोने ने आज यानी 16 अप्रैल को नया ऑल टाइम हाई बनाया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, मंगलवार को 10 ग्राम सोना 701 रुपए महंगा होकर 73,514 रुपए का हो गया है। 1 अप्रैल को इजराइल-ईरान तनाव शुरू हुआ था तब से 16 दिन में सोने के दाम 4,550 रुपए बढ़ गए हैं।

चांदी में भी आज तेजी देखने को मिली है। एक किलो चांदी का भाव 180 रुपए बढ़कर 83,632 रुपए हो गया है। इससे पहले 12 अप्रैल को चांदी ने 83,819 रुपए का हाई बनाया था। एक्सपर्ट्स के अनुसार आने वाले दिनों में इनके दामों में और तेजी देखने को मिल सकती है।

सिर्फ 15 दिन में ही सोना 4,550 रुपए महंगा हुआ
इजराइल-ईरान तनाव 1 अप्रैल को शुरू हुआ था। तब सोने की कीमत 68,964 पर था। वहीं अब यानी 16 अप्रैल को ये 1 जनवरी को इसकी कीमत 73,514 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है। यानी सिर्फ 15 दिनों में ही 4,550 रुपए महंगा हो चुका है। इजराइल-ईरान तनाव के चलते सोने में आगे भी तेजी देखने को मिल सकती है।

बीते सालों में हुई जंग और मंदी में सोने-चांदी का क्या ट्रेंड रहा है?
जंग के दौरान सोने की कीमतों में हमेशा उछाल देखा गया है। 1990-91 के दौरान गल्फ वॉर के दौरान सोने की कीमतों में उछाल आया था, लेकिन यह शॉर्ट टर्म था। इसी तरह 2003 में इराक युद्ध के दौरान सोने की कीमतों में तेजी आई थी।

  • कोरोना महामारी के कारण भारत समेत अन्य देशों में मार्च 2020 में लॉकडाउन लगा था। तब 10 ग्राम सोने के दाम 41,000 रुपए के करीब थे। अगस्त तक दाम बढ़कर 55,000 के करीब तक पहुंच गए। हालांकि, बाद में इसमें गिरावट आई थी और दाम 50,000 से नीचे आ गए थे।
  • रूस-यूक्रेन जंग के समय भी सोने में तेजी आई। 24 फरवरी 2022 को रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू हुआ था। 7 मार्च 2022 को सोने की कीमतों में लगभग ₹1000/10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई। 22 कैरेट सोने की कीमत ₹49,400/10 ग्राम और 24 कैरेट सोने की कीमत ₹53,890/10 ग्राम हो गई।
  • इजराइल-हमास जंग 7 अक्टूबर 2023 को शुरू हुई थी। तब सोने की कीमत 57,000 के करीब थी। 1 नवंबर तक कीमत बढ़कर 61,000 के करीब पहुंच गई। वहीं 1 जनवरी को कीमत 63,000 और अब 10 ग्राम सोने की कीमत 73,500 के पार पहुंच गई है।

सोना 75 हजार और चांदी 1 लाख तक पहुंच सकती है
मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, आने वाले दिनों में सोने में तेजी देखने को मिल सकती है। इसके चलते इस साल के आखिर तक सोना 75 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।

ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल का अनुमान है कि अगले कुछ महीनों तक चांदी में तेजी देखने को मिलेगी। ब्रोकरेज फर्म ने एक रिपोर्ट में कहा कि हम चांदी में निवेश करने की सलाह देते हैं और मीडियम से लंबी अवधि में 92,000 रुपए और उसके बाद 1 लाख रुपए पहुंच सकता है। फर्म ने 75,000 रुपए की तरफ होने वाली गिरावट पर और निवेश की सलाह दी है।

साढ़े 3 महीने में 10,212 रुपए बढ़े सोने के दाम
इस साल अब तक सिर्फ 3 महीने में ही सोने के दाम 10,212 रुपए बढ़ चुके हैं। 1 जनवरी को सोना 63,302 रुपए पर था। ये 63,302 रुपए प्रति ग्राम से 73,514 रुपए पर पहुंच गया। वहीं चांदी भी 73,395 रुपए प्रति किलोग्राम से 83,632 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

युद्ध या मंदी जैसी स्थिति में सोने-चांदी की कीमतें क्यों बढ़ जाती हैं
कोई भी जंग जियोपॉलिटिकल इक्वेशन्स खराब कर सकती है। ग्लोबल सप्लाई चेन बाधित कर सकती है, महंगाई बढ़ा सकती है और फाइनेंशियल इंस्ट्रूमेंट में लोगों के भरोसे को कम कर सकती है। ऐसे में कई लोग और यहां तक ​​कि सरकारें भी पोर्टफोलियो में गोल्ड बढ़ाते हैं। डिमांड बढ़ने से दामों में तेजी आती है

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

About the author

THE INTERNAL NEWS

Add Comment

Click here to post a comment

error: Content is protected !!