बीकानेर के हांसासर की रोही में भीषण आग, एक ढाणी जलकर राख: घरेलू सामान व आभूषण खाक

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

बीकानेर। जिले के नोखा क्षेत्र अंतर्गत हांसासर की रोही, पाचु सड़क पर स्थित एक ढाणी में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि पूरी ढाणी चंद मिनटों में जलकर राख हो गई। हादसे में ढाणी में रखा सारा घरेलू सामान, कपड़े, अनाज और कीमती आभूषण भी आग की भेंट चढ़ गए।
जानकारी के अनुसार, यह ढाणी रूपदास/धनदास साध परिवार की थी, जहां शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। ढाणी के ऊपर से गुजरने वाली बिजली लाइन में अचानक स्पार्क हुआ और चिंगारी ने सूखे घास और झोपड़े की दीवारों को तुरंत अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरा क्षेत्र धुएं और लपटों से घिर गया।
जब आग लगी, उस समय ढाणी के अंदर महिलाएं और छोटे बच्चे मौजूद थे। जैसे ही ढाणी मालिक ने आग लगने की आवाज और लपटें देखीं, उन्होंने साहस दिखाते हुए तुरंत बच्चों को बाहर निकाला। इस दौरान खुद उनकी जान जोखिम में पड़ गई और आग बुझाते समय उनके सिर के बाल भी झुलस गए।
आग बुझाने के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर घंटों मशक्कत की, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, मगर जब तक दमकल मौके पर पहुंची, तब तक ढाणी पूरी तरह राख हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। पीड़ित परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों और समाजजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

Categories:
error: Content is protected !!