महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम और राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में प्रवेश; शिक्षा सचिव श्री कृष्ण कुणाल ने शिक्षा संकुल में निकाली लॉटरी

FacebookWhatsAppTelegramLinkedInXPrintCopy LinkGoogle TranslateGmailThreadsShare

जयपुर/बीकानेर, 17 जून। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम)/राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में तथा इन अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संचालित पूर्व प्राथमिक/बाल वाटिका कक्षाओं में सत्र 2025-26 में प्रवेश के लिए अभिभावकों अथवा विद्यार्थियों से गत 7 मई से 15 जून तक शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन भरवाए गए। प्रवेश के लिए प्राप्त आवेदनों के संबंध मे शिक्षा सचिव श्री कृष्ण कुणाल ने मंगलवार को शिक्षा संकुल भवन जयपुर मे लॉटरी निकाली।
इस लॉटरी मे प्रदेश की 3 हजार 737 महात्मा गांधी विद्यालयों मे प्रवेश के लिए प्राप्त आवेदनों में से 50 हजार 658 विद्यार्थी लाभान्वित रहे।
इस दौरान समसा उपायुक्त मनीषा, संयुक्त निदेशक (स्कूल शिक्षा) जयपुर मंजू शर्मा, उपनिदेशक (मगाप्र) संगीता मानवी, उपनिदेशक (शाला दर्पण) सत्यनारायण भातरा, उपनिदेशक एनआईसी राजेन्द्र बिदावत एवं राजेश बैरवा आदि उपस्थित रहे।
लॉटरी के पश्चात चयनित विद्यार्थी द्वारा शाला दर्पण पोर्टल के संबंधित मॉड्यूल के माध्यम से आवंटित अथवा प्रदर्शित विद्यालयों में से किसी एक विद्यालय में 18 से 25 जून तक ऑनलाईन रिपोर्टिंग (विद्यालय लॉक) किया जाना है। विद्यालय लॉक के उपरान्त चयनित विद्यार्थियों की सूची संबंधित विद्यालय द्वारा 26 से 30 जून तक विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। संबंधित विद्यार्थी अथवा अभिभावक द्वारा लॉक किए गए संबंधित विद्यालय में प्रवेश के लिए व्यक्तिशः उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज (आवेदन की हस्ताक्षरित प्रति व अन्य आवश्यक वांछनीय दस्तावेज) विद्यालय प्रशासन को 1 से 5 जुलाई तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
विद्यार्थी अथवा अभिभावक द्वारा संबंधित विद्यालय में दस्तावेज प्रस्तुत किये जाने अथवा नहीं किये जाने पर, संस्था प्रधान द्वारा संबंधित मॉड्यूल में विद्यार्थी के नाम के सामने प्रदर्शित विकल्प (प्रवेश/डिलीट) 1 से 5 जुलाई तक भरे जा सकेंगे।

Categories:
error: Content is protected !!